-अलीगंज अग्निकांड की दिवंगत सरोजनीनगर की बेटी अनुछा राई के परिवार के साथ खड़े हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, वेतन निधि से ₹1 लाख की सहायता और छोटे भाई की 12 वीं तक शिक्षा का लिया संकल्प
संवेदना से संबल तक: विधायक राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर की बेटी अनुछा राई के परिवार को ₹1 लाख की सहायता दी, भाई की शिक्षा कक्षा 12 तक कराने का लिया संकल्प
सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने आज अलीगंज अग्निकांड में दिवंगत हुई सरोजनीनगर की बेटी सुश्री अनुछा राई के आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की तथा अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
स्वर्गीय अनुछा राई अपने पीछे अपनी माता, दो छोटी बहनों एवं कक्षा 7 में अध्ययनरत एक छोटे भाई को छोड़ गई हैं। परिवार सरोजनीनगर स्थित शांतिनगर, अवध विहार योजना में निवास करता है। वर्ष 2022 में भी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा था, जब एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में उनके पिता का निधन हो गया था।
इस दुःखद घड़ी में परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं एवं सहयोग व्यक्त करते हुए विधायक श्री राजेश्वर सिंह ने अपनी वेतन निधि से ₹1 लाख का चेक दिवंगत अनुछा राय की माता को प्रदान किया। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि कक्षा 7 में अध्ययनरत उनके छोटे भाई की शिक्षा का संपूर्ण व्यय विधायक कार्यालय द्वारा वहन किया जाएगा और उसकी फीस कक्षा 12 तक नियमित रूप से जमा कराई जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा, “इस अपूरणीय क्षति पर दुःख व्यक्त करने के लिए शब्द पर्याप्त नहीं हैं। सरोजनीनगर की बेटी अनुछा राय का निधन केवल उनके परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे सरोजनीनगर परिवार की क्षति है। इस असहनीय दुःख और शोक की घड़ी में संपूर्ण सरोजनीनगर परिवार शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।”
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया तथा ईश्वर से उन्हें इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।


0 Comments