सशक्त और स्वस्थ बंथरा: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन
बंथरा, लखनऊ। नगर पंचायत बंथरा के कैंप कार्यालय में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, अनुशासन और जनसहभागिता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा सम्मानित सभासदों सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में विशेष रूप से वरिष्ठ कवि प्रभाकर शुक्ला ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए योग अभ्यास सत्र का संचालन किया। उनके मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, जागरूक एवं समृद्ध समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन को एकाग्र, संयमित और सकारात्मक बनाने का भी प्रभावी साधन है।
योग दिवस के सफल आयोजन ने यह संदेश दिया कि बंथरा क्षेत्र विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य, संस्कृति और भारतीय परंपराओं के संरक्षण के प्रति भी पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में नगर पंचायत बंथरा परिवार को इस प्रेरणादायक एवं सफल आयोजन के लिए बधाई दी गई तथा सभी नागरिकों से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया गया।






0 Comments