एनएसजी के संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभ्यास में आरपीएफ का शानदार प्रदर्शन, देशभर की 9 टीमों में तीसरा स्थान
15 से 27 जून तक चले उच्चस्तरीय अभ्यास में कमांडो कौशल, फायरिंग और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का हुआ परीक्षण
लखनऊ । राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) द्वारा 15 जून से 27 जून 2026 तक आयोजित 49वें क्लस्टराइज्ड जॉइंट काउंटर टेररिज्म एक्सरसाइज में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए देशभर की नौ प्रतिभागी टीमों के बीच तीसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि ने आतंकवाद-रोधी अभियानों में आरपीएफ की बढ़ती क्षमता, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और परिचालन दक्षता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
एनएसजी द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित संयुक्त अभ्यास में विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं राज्य पुलिस बलों की कुल नौ टीमें शामिल हुईं। अभ्यास में कुल 152 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि प्रत्येक टीम में 18 प्रशिक्षित कमांडो शामिल थे। अभ्यास का उद्देश्य आतंकवादी घटनाओं और विशेष विषम परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभिन्न सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा संयुक्त अभियान संचालन को और अधिक मजबूत बनाना था।
13 दिनों तक चले इस गहन प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन कार्यक्रम में प्रतिभागियों की सामरिक दक्षता और शारीरिक क्षमता की कड़ी परीक्षा ली गई। इसमें रूम इंटरवेंशन, बस इंटरवेंशन, आईईडी ऑब्जर्वेशन, फिजिकल एंड्योरेंस, फायरिंग तथा अन्य परिचालन गतिविधियों के माध्यम से कमांडो की तैयारी का आकलन किया गया। सभी टीमों का मूल्यांकन उनके समग्र प्रदर्शन, अनुशासन, निर्णय क्षमता और ऑपरेशनल दक्षता के आधार पर किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि आरपीएफ अब केवल रेलवे परिसरों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि आतंकवाद-रोधी अभियानों और विशेष सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए भी पूरी तरह सक्षम एवं प्रशिक्षित बल के रूप में उभर रही है।
अधिकारियों के अनुसार, यह सफलता आरपीएफ के आधुनिकीकरण, अत्याधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधनों और क्षमता निर्माण की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों का परिणाम है। साथ ही यह उपलब्धि भविष्य में संयुक्त सुरक्षा अभियानों में आरपीएफ की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
एनएसजी के इस संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभ्यास से विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और आपसी तालमेल को नई मजबूती मिली है, जिससे किसी भी आपात अथवा आतंकवादी चुनौती का सामना अधिक प्रभावी एवं त्वरित ढंग से किया जा सकेगा। डी.जी आर. पी. एफ सोनाली मिश्रा आई. जी आर. पी. एफ सुमति शांडिल्य उपस्थित रहे.

0 Comments