सरोजनीनगर में बड़ी कार्रवाई: एक करोड़ की सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया
एसडीएम अंकित शुक्ला व तहसीलदार सुखवीर सिंह के निर्देश पर संयुक्त राजस्व टीम की कार्रवाई, 0.369 हेक्टेयर भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त
भारत सरोजनीनगर। तहसील सरोजनीनगर प्रशासन ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम नूरनगर भद
रसा, परगना बिजनौर, तहसील सरोजनीनगर स्थित शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई से भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नूरनगर भदरसा में स्थित शासकीय भूमि गाटा संख्या 91, कुल रकबा 1.0330 हेक्टेयर में से लगभग 0.369 हेक्टेयर भूमि पर पक्की बाउंड्रीवाल बनाकर अवैध कब्जा कर लिया गया था। मामले की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी सरोजनीनगर श्री अंकित शुक्ला एवं तहसीलदार सरोजनीनगर श्री सुखवीर सिंह के निर्देश पर राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
यह अभियान नायब तहसीलदार बिजनौर, सरोजनीनगर श्री अनूप श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में राजस्व निरीक्षक श्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय, श्री समर बहादुर सिंह तथा क्षेत्रीय लेखपाल श्री अमरेन्द्र शर्मा सहित अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध रूप से निर्मित पक्की बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
राजस्व अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण से मुक्त कराई गई शासकीय भूमि की अनुमानित बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस अभियान को स्थानीय लोगों ने प्रशासन की सराहनीय पहल बताते हुए सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



0 Comments