बंथरा में महाराजा सुहेलदेव पासी विजय दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, वीर शिरोमणि को दी गई भव्य श्रद्धांजलि
लखनऊ, सरोजनीनगर। नगर पंचायत बंथरा कैंप कार्यालय में वीरता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता के प्रतीक महाराजा सुहेलदेव पासी के विजय दिवस के अवसर पर भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने सहभागिता कर महाराजा सुहेलदेव जी की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। उपस्थित वक्ताओं ने महाराजा सुहेलदेव पासी के अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र रक्षा में उनके योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध संघर्ष कर भारतीय संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा की थी। उनका जीवन आज भी युवाओं और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
वक्ताओं ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव केवल एक योद्धा नहीं बल्कि राष्ट्र गौरव, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के प्रतीक थे। उनके आदर्श वर्तमान पीढ़ी को देशहित, समाज सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने महाराजा सुहेलदेव जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में भाईचारा, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम स्थल पर "महाराजा सुहेलदेव अमर रहें", "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रंजीत रावत (चेयरमैन प्रतिनिधि), आशिष गौतम (सभासद), हंसराज रावत, राहुल रावत, रनू सिंह, महादेव रावत, अमित रावत, गुड्डू गौतम, प्रदीप रावत, राजकुमार रावत, शिवपुरा के पूर्व प्रधान संदीप रावत, विपिन गौतम, दीपु रावत एवं अमारा रावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने वीर शिरोमणि महाराजा सुहेलदेव पासी जी को शत-शत नमन करते हुए राष्ट्र रक्षा, धर्म रक्षा एवं जनकल्याण के उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।




0 Comments