पत्र सूचना शाखा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के तहत राजकीय आईटीआई अलीगंज में रोजगार मेले का आयोजन
454 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग, 275 अभ्यर्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ चयन लखनऊ, 10 जून 2026।
युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने एवं उद्योगों की आवश्यकता के अनुसार कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के अंतर्गत बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज, लखनऊ में वृहद कैंपस ड्राइव एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजकीय आईटीआई अलीगंज, ग्रे-सिम लर्निंग्स फाउंडेशन तथा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, लखनऊ के संयुक्त सहयोग से किया गया।
रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित कंपनियों मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (गुजरात), आंजनेय पावर प्रोग्रेस (लखनऊ), डी.एस. फैसिलिटी सर्विसेज (लखनऊ), त्रिवेणी अलमीरा प्राइवेट लिमिटेड (नोएडा), कोटक महिंद्रा बैंक (लखनऊ) तथा असाइन सर्विसेज (लखनऊ) सहित कुल छह कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इन कंपनियों द्वारा विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार आयोजित किए गए।
राजकीय आईटीआई अलीगंज के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने उपस्थित कंपनी प्रतिनिधियों से अधिकाधिक अभ्यर्थियों का चयन करने का अनुरोध किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को समयबद्ध रूप से जॉइनिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रोजगार मेले के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए ग्रे-सिम लर्निंग्स फाउंडेशन का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं और उद्योग जगत के बीच सेतु का कार्य करते हैं। इससे प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को सीधे रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है तथा उद्योगों को उनकी आवश्यकतानुसार दक्ष एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो पाता है।
प्लेसमेंट ऑफिसर एम. ए. खाँ ने बताया कि कैंपस ड्राइव में कुल 454 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के उपरांत 275 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न पदों के लिए किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनियों द्वारा अधिकतम 29,612 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन तथा अन्य आकर्षक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
रोजगार मेले में अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया तथा रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की। चयनित अभ्यर्थियों ने प्रदेश सरकार एवं संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए गए इस अवसर के लिए प्रसन्नता व्यक्त की।
संपर्क सूत्र : धर्मवीर खरे 8737008603


0 Comments