ड्राइवरों के हक, सुरक्षा और सम्मान की मांग को लेकर यूको गार्डन में जोरदार धरना प्रदर्शन
लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित यूको गार्डन में ऑल उत्तर प्रदेश ड्राइवर एसोसिएशन की ओर से प्रदेशभर के व्यावसायिक एवं परिवहन चालकों के हित, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान ड्राइवरों ने सरकार के समक्ष अपनी विभिन्न प्रमुख मांगें रखते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।
एसोसिएशन ने कहा कि प्रदेश में लाखों ड्राइवर दिन-रात अपनी सेवाएं देकर लोगों और माल के सुरक्षित आवागमन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन दुर्घटना, स्वास्थ्य, कार्यस्थल की सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े अनेक मामलों में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ड्राइवर एसोसिएशन की प्रमुख मांगें
सड़क दुर्घटना में ड्राइवर की मृत्यु को 'आपदा' की श्रेणी में शामिल किया जाए।
ड्राइवरों के हितों की रक्षा के लिए स्वतंत्र ड्राइवर आयोग तथा ड्राइवर वेलफेयर फंड का गठन किया जाए।
- ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये, स्थायी दिव्यांगता पर 10 लाख रुपये मुआवजा तथा निःशुल्क चिकित्सा की व्यवस्था की जाए।
- प्रदेश के सभी बस स्टैंडों पर चालकों के लिए सम्मानजनक कार्य वातावरण, विश्राम गृह, स्वच्छ शौचालय और शुद्ध पेयजल की तत्काल व्यवस्था की जाए।
- ड्राइवरों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा में विशेष आरक्षण एवं छात्रवृत्ति की व्यवस्था की जाए।
- सभी व्यावसायिक वाहनों में आगे और पीछे अनिवार्य कैमरे लगाए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों की पहचान हो सके।
- प्रत्येक वर्ष सितंबर में ड्राइवर दिवस घोषित कर सरकारी स्तर पर ड्राइवरों का सम्मान किया जाए और अवकाश की व्यवस्था हो।
- ड्राइवरों को द्वितीय श्रेणी के सैनिकों के समान सम्मान एवं सुविधाएं प्रदान की जाएं।
- सभी सरकारी अस्पतालों के ICU में ड्राइवरों के लिए कम से कम एक बेड आरक्षित रखा जाए।
- ड्यूटी के दौरान ड्राइवरों के साथ मारपीट, हिंसा, धमकी अथवा दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कानून बनाया जाए।
एसोसिएशन ने सरकार से अपील की कि इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए। संगठन का कहना है कि इससे प्रदेश के लाखों ड्राइवरों और उनके परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य मिल सकेगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान ड्राइवरों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और सरकार से जल्द ठोस निर्णय लेने की मांग की।




0 Comments