उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ ज्येष्ठ माह का चतुर्थ बड़ा मंगल।*लखनऊ।
रामकृष्ण मठ, निराला नगर, लखनऊ में ज्येष्ठ माह का चतुर्थ बड़ा मंगल अत्यंत उत्साह, श्रद्धा एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। सम्पूर्ण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मठ के यूट्यूब चौनल ‘रामकृष्ण मठ लखनऊ’ के माध्यम से भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः 4ः30 बजे श्री श्री ठाकुर की मंगल आरती से हुआ। प्रातः 6ः50 बजे रामकृष्ण मठ के स्वामी इष्टकृपानन्द द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण किया गया। तत्पश्चात मुख्य मंदिर के समक्ष स्थापित श्री हनुमानजी की प्रतिमा पर मालयार्पण, पूजन एवं आरती सम्पन्न हुई तथा हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। इसके उपरान्त उपस्थित श्रद्धालुओं के मध्य प्रसाद का वितरण किया गया तथा प्रातः 7ः15 बजे स्वामी मुक्तिनाथानन्द जी महाराज का ऑनलाइन धार्मिक प्रवचन (सत्संग) आयोजित हुआ
सायं 5ः15 बजे *लखनऊ की 10 वर्षीय विलक्षण प्रतिभाशाली बालिका कुमारी आर्यमा शुक्ला ने पूर्णतः स्मरण-शक्ति के आधार पर श्री हनुमान सहस्त्रनाम का पाँच बार अखण्ड एवं प्रभावपूर्ण पाठ प्रस्तुत किया।* कुमारी आर्यमा को संपूर्ण श्रीमद्भगवद्गीता, श्री दुर्गा सप्तशती सहित अनेक स्तोत्र, सहस्त्रनाम तथा लगभग तीन हजार संस्कृत श्लोक कण्ठस्थ हैं। उनकी असाधारण स्मरण-शक्ति, शुद्ध एवं स्पष्ट उच्चारण तथा गहन आध्यात्मिक संस्कारों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को विशेष रूप से प्रभावित किया तथा सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय एवं प्रेरणादायी बना दिया।
सायंकाल भगवान श्री रामकृष्ण की संध्या आरती के उपरान्त श्री हनुमानजी की पूजा एवं आरती रामकृष्ण मठ, लखनऊ के स्वामी कृष्णपदानन्द द्वारा सम्पन्न की गई। इसके पश्चात स्वामी इष्टकृपानन्द द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया गया तथा समापन संगीत के रूप में भगवान श्रीराम को समर्पित भजन “इतनी विनती रघुनंदन से...” प्रस्तुत किया गया। भजन की मधुर प्रस्तुति से सम्पूर्ण मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक भावनाओं से अनुप्राणित हो उठा।
कार्यक्रम का समापन उपस्थित भक्तों के मध्य प्रसाद वितरण के साथ सम्पन्न हुआ।
*स्वामी मुक्तिनाथानन्द*
अध्यक्ष
रामकृष्ण मठ, लखनऊ




0 Comments