तिरंगे के रंग में रंगा लखनऊ, मंडल-मंडल निकलीं राष्ट्रभक्ति की यात्राएं
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत गुरुवार को महानगर के सभी 25 मंडलों एवं विभिन्न वार्डों में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। सुबह से ही अलग-अलग क्षेत्रों में हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ताओं और नागरिकों की टोलियां सड़कों पर नजर आईं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा में समाज के हर वर्ग की सहभागिता यह दर्शाती है कि राष्ट्र प्रथम की भावना आज जन-जन के मन में मजबूत हुई है।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन अमर शहीदों के त्याग और संघर्ष का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हमारा दायित्व है कि हम उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक परिवार को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि अभियान के तहत महानगर के प्रत्येक मंडल और वार्ड में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी और गौरव की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।
भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड और लाला लाजपत नगर वार्ड में पार्षद कार्यालय से निकली यात्राओं में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा, महानगर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल और सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के सभापति विवेक सिंह तोमर शामिल हुए। यात्राओं में भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।



0 Comments