चौक सराफा बाजार की सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग
लखनऊ। चौक सराफा बाजार की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, ई-रिक्शा एवं अतिक्रमण जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर चौक सराफा एसोसिएशन द्वारा क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा के समक्ष विस्तृत रूप से समस्याएं रखी गईं। एसोसिएशन ने इन समस्याओं के तत्काल एवं स्थायी समाधान की मांग की।
बैठक में डॉ. नीरज बोरा, विधायक लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र, एसीपी चौक, प्रभारी निरीक्षक चौक, चौक सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश चंद्र जैन सर्राफ एवं महामंत्री विनोद माहेश्वरी सहित पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
एसोसिएशन की ओर से विधायक को सौंपे गए पत्र में कहा गया कि चौक सराफा बाजार लखनऊ का अत्यंत महत्वपूर्ण, प्रतिष्ठित एवं संवेदनशील व्यापारिक क्षेत्र है। यहां हजारों व्यापारी, कारीगर, कर्मचारी तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक आते हैं। बहुमूल्य आभूषणों का कारोबार होने के कारण यहां सुरक्षा व्यवस्था सामान्य बाजारों की अपेक्षा अधिक मजबूत होना आवश्यक है।
एसोसिएशन ने लगभग एक माह पूर्व बाजार में करीब 250 लोगों के एक साथ पहुंचने से उत्पन्न हुई स्थिति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उस घटना से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हुई है। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए बाजार में पर्याप्त पुलिस बल, नियमित गश्त एवं प्रभावी निगरानी व्यवस्था आवश्यक है।
बैठक में CCTV कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग, खराब कैमरों को तत्काल ठीक कराने, बाजार के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर विशेष निगरानी, पुलिस प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा किसी बड़े समूह के अचानक बाजार में प्रवेश की स्थिति से निपटने के लिए विशेष SOP तैयार करने की मांग की गई।
इसके साथ ही ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड एवं रूट तय करने, अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने तथा गोल दरवाजा एवं चौक क्षेत्र में व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
एसोसिएशन ने कहा कि चौक चौराहे से लोहिया पार्क की ओर जाने वाले मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों में रात के समय होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग पर भी प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए, ताकि आपात स्थिति में एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं पुलिस वाहनों के आवागमन में कोई बाधा न हो।
अध्यक्ष कैलाश चंद्र जैन सर्राफ एवं महामंत्री विनोद माहेश्वरी ने कहा कि यह केवल व्यापारियों की सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि हजारों व्यापारियों, कारीगरों, कर्मचारियों, ग्राहकों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। एसोसिएशन किसी व्यक्ति या वर्ग के विरुद्ध नहीं है, बल्कि कानून के अनुसार सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम बाजार व्यवस्था चाहती है। बैठक में आदिश जैन डॉ राजकुमार वर्मा अतुल गुप्ता अनिल गुप्ता दिनेश अग्रवाल पंकज अग्रवाल नीतिश जैन अंकित मेहरोत्रा संजीव अग्रवाल टीटू मनोज अग्रवाल एवम् सर्राफा एसोसिएशन के प्रमुख लोग थे
एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन, नगर निगम, यातायात विभाग एवं चौक सराफा एसोसिएशन के बीच नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने की मांग भी रखी, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
चौक सराफा एसोसिएशन ने विधायक डॉ. नीरज बोरा एवं पुलिस अधिकारियों से समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई कराने की अपेक्षा की है।

0 Comments